मंडी समिति की आवंटित दुकानों में नियम विरुद्ध निर्माण, कार्रवाई पर उठे सवाल ।
मंडी चौराहा स्थित कालीचरण मिठाई वाले संचालक के द्वारा नियमों को दरकिनार कर मंडी समिति द्वारा आवंटित दो दुकानों की मूल संरचना में परिवर्तन कर उन्हें मिलाकर एक बड़ा मिठाई का शोरूम तैयार कर लिया। इसको लेकर मंडी समिति की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे है ।
मथुरा। मथुरा मंडी चौराहा स्थित मंडी समिति की आवंटित दुकानों में कथित रूप से नियमों के विपरीत निर्माण किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कालीचरण मिठाई वाले के संचालक ने मंडी समिति से आवंटित दो दुकानों की मूल संरचना में परिवर्तन कर उन्हें मिलाकर एक बड़ा शोरूम तैयार कर लिया। इसको लेकर मंडी समिति की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, मंडी समिति के नियमों के तहत आवंटित दुकानों की संरचना में परिवर्तन या नया निर्माण किए जाने की अनुमति नहीं होती। इस संबंध में जब मंडी सचिव से बात की गई तो उन्होंने स्वीकार किया कि यदि आवंटित दुकानों को तोड़कर निर्माण किया गया है, तो यह नियमों के विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि मामले में शिकायत मिलने पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। हालांकि ये पूरा मामला मंडी सचिव महोदया के संज्ञान में है इसके बाद भी शिकायत मिलने का बहाना कई प्रकार के सवाल खड़े कर रहा है ।
स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित निर्माण लंबे समय से सभी के सामने है। जिस स्थान पर यह दुकान स्थित है, वहां से मंडी समिति के अधिकारियों का नियमित आवागमन रहता है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि यदि कथित निर्माण नियमों के विपरीत है तो विभाग ने अब तक स्वयं संज्ञान लेकर कार्रवाई क्यों नहीं की।
इस मामले ने मंडी समिति की निगरानी व्यवस्था और नियमों के अनुपालन को लेकर भी कई प्रश्न खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि यदि सरकारी संपत्तियों पर निर्धारित नियमों का पालन नहीं कराया जाएगा तो अन्य आवंटियों के बीच भी गलत संदेश जाएगा। अब निगाहें मंडी समिति की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं। देखना होगा कि विभाग मामले की जांच कर नियमों के अनुरूप कदम उठाता है या फिर यह मामला भी फाइलों तक ही सीमित रह जाएगा।