अवैध कॉलोनियों का मकड़जाल ! कब होगी कार्यवाही…
वार्ड नंबर 03 में लगातार अवैध कॉलोनियों का साम्राज्य खड़ा किया जा रहा है । अवैध कॉलोनियों से घिरता वार्ड नंबर 03 मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है ।
वार्ड नंबर 03 में लगातार अवैध कॉलोनियों का साम्राज्य खड़ा किया जा रहा है । अवैध कॉलोनियों से घिरता वार्ड नंबर 03 मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है ।

उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में अवैध कॉलोनियों का जाल लगातार फैलता जा रहा है। विशेष रूप से नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 03 के अंतर्गत दो दर्जन से अधिक अवैध कॉलोनियां विकसित की जा रही हैं, लेकिन जिम्मेदार विभागों की ओर से अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही है। इससे प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।

बिजली घर के समीप खड़ी की जा रही है अवैध कॉलोनी ।
वार्ड नंबर 03 में बिजली घर के समीप अज्ञात रूप से कॉलोनी खड़ी की जा रही है । कॉलोनी के नाम तक को सार्वजनिक ना करना अपने आप में कई सवाल खड़े कर रहा है । सूत्रों के अनुसार ये कॉलोनी कॉलोनाइजर के के गौतम की बताई जा रही है । इस कॉलोनी का निर्माण मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण से बिना मानचित्र पास कराए किया जा रहा है ।

जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 03 में कृषि भूमि और अन्य भूखंडों पर बिना आवश्यक स्वीकृतियों के प्लॉटिंग कर कॉलोनियां बसाई जा रही हैं। नियमों के अनुसार किसी भी आवासीय कॉलोनी को विकसित करने से पहले संबंधित विकास प्राधिकरण, नगर निगम तथा अन्य विभागों से अनुमति लेना अनिवार्य होता है, लेकिन कई स्थानों पर इन नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है।

विशेषज्ञों का मानना है कि बिना स्वीकृति विकसित की गई कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को भविष्य में सड़क, सीवर, पेयजल, विद्युत, पार्क और अन्य बुनियादी सुविधाओं की गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। इसके अलावा ऐसी कॉलोनियां सरकारी राजस्व को भी नुकसान पहुंचाती हैं।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब अवैध प्लॉटिंग और कॉलोनी निर्माण खुलेआम हो रहा है तो संबंधित विभागों को इसकी जानकारी क्यों नहीं है? यदि जानकारी है तो कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही? नियमों के अनुसार अवैध कॉलोनियों के खिलाफ विकास प्राधिकरण, नगर निगम, राजस्व विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों को संयुक्त रूप से कार्रवाई करनी चाहिए। लेकिन जमीनी स्तर पर कार्रवाई की गति बेहद धीमी दिखाई दे रही है।

वार्ड नंबर 03 में विकसित हो रहीं अवैध कॉलोनियाँ।
1. वृंदा एनक्लेव 2.वृंदा सिटी 3. आनंद स्टेट 4. श्री जी उपवन 5. आनंद कुंज के साथ साथ और भी कई अन्य कॉलोनी विकसित की जा रहीं है । सूत्रो के अनुसार वार्ड नंबर 03 की वर्तमान पार्षद पति के द्वारा भी 03 अवैध कॉलोनियों का निर्माण किया जा रहा है । अब देखना यह होगा कि मथुरा प्रशासन वार्ड नंबर 03 में तेजी से फैल रही इन अवैध कॉलोनियों पर कब तक प्रभावी कार्रवाई करता है या फिर नियमों को ताक पर रखकर कॉलोनियों का यह कारोबार इसी तरह फलता-फूलता रहेगा।