वायरल 'चूहा कांड' के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने की कार्यवाही ।

Prashasan

वायरल 'चूहा कांड' के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने की कार्यवाही ।

News Punch 24 की खबर का हुआ असर, वायरल 'चूहा कांड' के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग हरकत में मिठाई और घेवर के लिए गए सैंपल, जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई ।

By NewsPunch Desk June 26, 2026 117 views

मथुरा। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो और न्यूज़ पंच 24 द्वारा प्रमुखता से प्रकाशित खबर का बड़ा असर देखने को मिला है। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में मंडी चौराहा स्थित कालीचरण मिठाई वाले की दुकान पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए मिठाई और घेवर के नमूने जांच के लिए एकत्रित किए हैं। अब इन नमूनों को प्रयोगशाला भेजा गया है, जहां जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में दुकान पर बिक्री के लिए रखे घेवर को चूहे खाते हुए दिखाई दे रहे थे। यह वीडियो सामने आने के बाद लोगों में खाद्य पदार्थों की स्वच्छता और गुणवत्ता को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा हो गईं। न्यूज़ पंच 24 ने इस पूरे मामले को प्रमुखता से उठाते हुए लोगों के स्वास्थ्य से जुड़े इस गंभीर मुद्दे को सामने रखा।

मामले ने तूल पकड़ने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने तत्काल संज्ञान लिया। विभागीय टीम मौके पर पहुंची और दुकान का निरीक्षण करने के साथ-साथ मिठाई एवं घेवर के नमूने लेकर उन्हें प्रयोगशाला परीक्षण के लिए भेज दिया। विभाग का कहना है कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यदि प्रयोगशाला जांच में मिठाई या घेवर निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों पर खरे नहीं उतरते हैं और सैंपल फेल पाए जाते हैं, तो संबंधित मिठाई विक्रेता के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। रक्षाबंधन सहित त्योहारों का सीजन शुरू होने से पहले सामने आए इस मामले ने आम लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग घेवर और अन्य मिठाइयों की खरीदारी करते हैं। ऐसे में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी बन जाती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मामला केवल एक दुकान तक सीमित नहीं है, बल्कि जिले की अन्य मिठाई दुकानों की स्वच्छता व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है। लोगों का मानना है कि त्योहारों से पहले व्यापक स्तर पर जांच अभियान चलाकर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जानी चाहिए। फिलहाल सभी की निगाहें प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं। अब देखना होगा कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और क्या यह कार्रवाई जिले के अन्य मिठाई विक्रेताओं के लिए भी एक सख्त चेतावनी साबित होगी।