अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर मथुरा में दिखा उत्साह ।
योगिराज की नगरी मथुरा में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर दिखा उत्साह का अद्भुत संगम। स्टेडियम से लेकर विभिन्न स्थलों तक हजारों लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया ।
मथुरा। योगिराज भगवान श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा में शनिवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पूरे उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। जिलेभर में आयोजित कार्यक्रमों में हजारों लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
जिले का मुख्य कार्यक्रम स्वर्गीय मोहन पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित हुआ, जिसमें प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर विधायक श्रीकांत शर्मा, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने विभिन्न योगासन कर योग के महत्व को रेखांकित किया।
योग दिवस को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन, आयुष विभाग, शिक्षा विभाग, नगर निकायों तथा सामाजिक संगठनों ने व्यापक तैयारियां की थीं। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक विभिन्न स्थानों पर योग शिविर और सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इसी क्रम में श्री कृष्णा अहिरानी यदुवंशी बृजवासी परिवार एवं अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा महिला इकाई द्वारा योग शिक्षा पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में योग शिक्षिका विशिष्टा यादव ने योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए इसके नियमित अभ्यास के लाभों पर प्रकाश डाला।
वक्ताओं ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक, शारीरिक और आध्यात्मिक संतुलन का माध्यम है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को स्वस्थ, तनावमुक्त और सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा देता है। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने नियमित योग करने का संकल्प लिया।