निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता ही भविष्य का मार्ग : मनोज कुमार पांडेय
ब्रज प्रेस क्लब के अध्यक्ष डॉ. कमल कान्त उपमन्यु एडवोकेट ने मंत्री मनोज कुमार पांडेय को पूर्व में किए गए ब्रज प्रेस क्लब निर्माण के वादे की याद दिलाते हुए पुनः मांग रखी।
ब्रज प्रेस क्लब के अध्यक्ष डॉ. कमल कान्त उपमन्यु एडवोकेट ने मंत्री मनोज कुमार पांडेय को पूर्व में किए गए ब्रज प्रेस क्लब निर्माण के वादे की याद दिलाते हुए पुनः मांग रखी।

संवाददाता : नेत्रपाल सिंह (मथुरा)
मथुरा : नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स इंडिया (एनयूजेआई) एवं ब्रज प्रेस क्लब के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को 34वें पत्रकारिता दिवस के अवसर पर आयोजित संगोष्ठी में पत्रकारिता की वर्तमान दशा, दिशा और चुनौतियों पर गंभीर मंथन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज कुमार पांडेय रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्री मनोज कुमार पांडेय, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डा. बबीता सिंह चौहान, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, नगर आयुक्त जग प्रवेश, एनयूजेआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष रास बिहारी तथा उत्तर प्रदेश राज्य मुख्यालय मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति के अध्यक्ष हेमंत तिवारी ने दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।

मुख्य अतिथि मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान पत्रकारिता की भूमिका स्वर्णिम रही है, लेकिन वर्तमान समय में पत्रकारों के सामने अपनी विश्वसनीयता और साख बनाए रखने की बड़ी चुनौती है। उन्होंने पत्रकारों से निष्पक्ष एवं निर्भीक पत्रकारिता करने का आह्वान किया। साथ ही आश्वासन दिया कि मथुरा के पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए वे मुख्यमंत्री से वार्ता करेंगे तथा प्रेस क्लब के लिए भूमि उपलब्ध कराने का भी प्रयास करेंगे।

राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डा. बबीता सिंह चौहान ने कहा कि ब्रज की संस्कृति और भाषा को संरक्षित करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने पत्रकारों से अपनी खबरों में ब्रजभाषा के समावेश का आग्रह किया और कहा कि वे महिला पत्रकारों सहित सभी पत्रकारों के हितों के लिए सदैव तत्पर हैं।

उत्तर प्रदेश राज्य मुख्यालय मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति के अध्यक्ष हेमंत तिवारी ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के बढ़ते प्रभाव के बीच पत्रकारों को अपनी विश्वसनीयता और पेशेवर मूल्यों को बनाए रखना होगा। एनयूजेआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष रास बिहारी ने पत्रकारों की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए देशभर में पत्रकार सुरक्षा अधिनियम लागू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए प्रभावी कानून की आवश्यकता है।

जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने पत्रकारों की समाजहित में निभाई जा रही भूमिका की सराहना की, जबकि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने कहा कि पत्रकार समाज का दर्पण हैं और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्रज प्रेस क्लब के अध्यक्ष डॉ. कमल कान्त उपमन्यु एडवोकेट ने की। उन्होंने मंत्री मनोज कुमार पांडेय को पूर्व में किए गए ब्रज प्रेस क्लब निर्माण के वादे की याद दिलाते हुए पुनः मांग रखी। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सभी अतिथियों एवं पत्रकारों का आभार व्यक्त किया।